Samachar Post डेस्क, रांची: देशभर में 20 मई 2026 को मेडिकल दुकानों की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर मरीजों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। इस हड़ताल का आह्वान ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) की ओर से किया गया है। हड़ताल के चलते दवा आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके मद्देनज़र केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अलर्ट पर रखा है।
दवा आपूर्ति पर असर रोकने के निर्देश
सरकार की ओर से केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन CDSCO ने सभी राज्यों के ड्रग कंट्रोलर्स को एडवाइजरी जारी की है। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी स्थिति में मरीजों को जरूरी दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि हर क्षेत्र में कुछ मेडिकल दुकानें खुली रहें। सरकारी अस्पतालों की फार्मेसी, जन औषधि केंद्र, प्राइवेट अस्पतालों की फार्मेसी और बड़ी मेडिकल चेन की दुकानों को सामान्य रूप से खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों को वैकल्पिक व्यवस्था मिल सके। इस मुद्दे को लेकर 17 मई को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ड्रग कंट्रोलर्स के साथ बैठक भी की गई थी, जिसमें हड़ताल के दौरान दवा आपूर्ति को सुचारु रखने की रणनीति तैयार की गई।
यह भी पढ़ें:मारवाड़ी कॉलेज की ऑटोनॉमी खत्म, अब फिर रांची यूनिवर्सिटी के अधीन चलेगी पढ़ाई
सरकार ने जताई प्राथमिकता
अधिकारियों के अनुसार, सरकार की प्राथमिकता है कि मरीजों को बिना किसी बाधा के दवाएं मिलती रहें। साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस को स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पूरे देश में स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।