पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 6 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप

Meenu | July 23, 2026 | 11:45 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान 6 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद गुरुवार को अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।

यह भी पढ़ें : SC/ST एक्ट के मामलों में वांछित आरोपियों पर झारखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आज रात से चलेगा राज्यव्यापी विशेष अभियान

सर्दी-खांसी की शिकायत पर अस्पताल में कराया था भर्ती

मृत बच्ची की पहचान रागनी कुमारी के रूप में हुई है, जो छतरपुर के सरड़डीह गांव निवासी गुहू प्रसाद की पुत्री थी। परिजनों के अनुसार, बच्ची को सर्दी-खांसी की शिकायत थी, जिसके बाद बुधवार रात उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप

बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इमरजेंसी में डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं पहुंचे और पूरा इलाज नर्सों के भरोसे चलता रहा। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर डॉक्टर इलाज करते, तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी।

अस्पताल परिसर में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में सदर एसडीओ भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों व चिकित्सकों से घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

संबंधित खबरें