Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा में मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने रेहला रोड स्थित एक बूंदी लड्डू निर्माण कारखाने में औचक छापेमारी कर गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। जांच के दौरान पाया गया कि जिन लड्डुओं को बेसन से तैयार बताकर बाजार में बेचा जा रहा था, वहां वास्तविक बेसन मौजूद ही नहीं था। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने कारखाने को सील कर दिया है।
खेसारी दाल, मैदा और चावल से तैयार हो रहे थे लड्डू
प्राथमिक जांच में सामने आया कि कारखाना संचालक बाजार समिति से करीब 40 रुपये प्रति किलो की दर से मिलने वाला तथाकथित “गुलकंद बेसन” खरीदता था। आरोप है कि इस मिश्रण में खेसारी दाल, घटिया गुणवत्ता की मैदा और अरवा चावल मिलाकर बूंदी लड्डू तैयार किए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: JTET भाषा विवाद पर कांग्रेस में घमासान, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रदेश अध्यक्ष को घेरा
मौके से बरामद हुई घटिया खाद्य सामग्री
छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में निम्न गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री और दो बोरी मैदा बरामद की गई। प्रशासन ने कारखाना संचालक की निशानदेही पर बाजार समिति स्थित दुकानों में भी जांच की। मामले की विस्तृत जांच और खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। जांच में पता चला कि यहां तैयार किए जा रहे लड्डुओं की सप्लाई गढ़वा बस स्टैंड, मेन बाजार और रमकंडा इलाके तक की जा रही थी। मौके पर बड़ी मात्रा में बूंदी बनती हुई भी पाई गई।
आदतन कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
संजय कुमार ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को लेकर लगातार कार्रवाई के बावजूद कुछ लोग मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में नकली मिठाई मामले में कार्रवाई झेल चुके एक कारोबारी के दोबारा ऐसे कारोबार में शामिल होने की सूचना मिली है। प्रशासन अब ऐसे लोगों को आदतन अपराधी घोषित कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
पूरे परिवार की संलिप्तता की आशंका
एसडीएम के अनुसार, आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ इस कारोबार में शामिल था। उन्होंने कहा कि आर्थिक कमजोरी का मतलब यह नहीं कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जाए। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।