Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में घर में चोरी कर मोबाइल और नकदी उड़ाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काली स्थान रोड निवासी 19 वर्षीय मो. अदनान अंसारी और चर्च रोड नाजीर अली लेन निवासी 21 वर्षीय मो. अफसर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें :हरमू मैदान में शुरू हुआ अरगोड़ा प्रीमियर क्रिकेट टूर्नामेंट, युवा खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
ग्राहक तलाशने के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी चोरी किए गए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
13 मई को दर्ज हुई थी चोरी की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, बीते 13 मई को नाजीर अली लेन निवासी अमन ने लोअर बाजार थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर फरार हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान ही पुलिस को चोरी के मोबाइल बेचने की सूचना मिली, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. अफसर का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सदर थाना में चोरी का मामला दर्ज है। इसके अलावा लोअर बाजार थाना में दंगा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, आगजनी और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में भी केस दर्ज हैं। लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह और एएसआई अजय कुमार सिंह की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post