Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से रविंद्र भवन सभागार में जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले JAC, CBSE और ICSE बोर्ड के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में उपायुक्त राजीव रंजन ने टॉपर्स को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीसी ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों व अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत करते हुए जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें :दलमा की तलहटी में बनेंगे 3 नए इको पार्क, विधायक सरयू राय ने किया निरीक्षण
CBSE बोर्ड में श्रेया जनपना बनीं जिला टॉपर
CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में श्रेया जनपना ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं 12वीं साइंस में शायर दत्ता ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। 12वीं बायो-साइंस में सालेहा परवीन ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि कॉमर्स स्ट्रीम में श्रेयांशी धाल ने 98.6 प्रतिशत और आर्ट्स में प्रज्ञा शर्मा ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
ICSE बोर्ड में छात्रों का शानदार प्रदर्शन
ICSE बोर्ड की 10वीं परीक्षा में हर्षित सिंघानिया ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर सभी को प्रभावित किया। वहीं 12वीं साइंस में स्नेहाश्री बिस्वास ने 99.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बायो-साइंस की छात्रा शांभवी तिवारी ने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। कॉमर्स में संध्या सरकार ने 98.75 प्रतिशत और आर्ट्स में स्नेहा दत्ता ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
JAC मैट्रिक में ओम कुमार बने टॉपर
JAC मैट्रिक परीक्षा में ओम कुमार ने 492 अंक यानी 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर का स्थान प्राप्त किया। वहीं शिप्रा प्रधान ने 97.6 प्रतिशत और गीता गोराई ने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके अलावा उमेश मांडी, अनामिका महतो, कोयल रानी शाह, मोहन महतो, हेमा मन्ना और खुशी कुमारी को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इंटर साइंस में कृष्णा रॉय और सक्षम मिश्रा संयुक्त रूप से प्रथम
JAC इंटरमीडिएट साइंस में कृष्णा रॉय और सक्षम मिश्रा ने संयुक्त रूप से 476 अंक यानी 95.2 प्रतिशत हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं ओशिक कुमार चौधरी ने 94.8 प्रतिशत, खुशबू साव ने 93.8 प्रतिशत और विकास दास व साधना कुमारी ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। आशु पटेल ने भी 93 प्रतिशत अंक हासिल किए।
कॉमर्स और आर्ट्स के छात्रों ने भी दिखाया दम
JAC इंटर कॉमर्स में कृती कुमारी ने 90.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं दीपा पात्रा, साजिद अंसारी, साधना कुमारी और अदिति सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इंटर आर्ट्स में रेखा कुमारी ने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। प्रज्ञा कुमारी, सिंदूरा दास, पूजा कुमारी, असिम कुमार महतो, सरस्वती गोराई, प्रिया सोय मुर्मू और संध्या कुमारी को भी सम्मानित किया गया।
मेधावी छात्र आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे- शिक्षक
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, डीटीओ, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के अंत में डीसी ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जिले के मेधावी छात्र आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
Reporter | Samachar Post