Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के मानगो से सटे दलमा पहाड़ की तलहटी को जल्द ही इको-फ्रेंडली पर्यटन और मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में तीन नए इको पार्क विकसित करने की योजना बनाई गई है। शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने डीएफओ सबा आलम अंसारी के साथ विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चंद्रावती नगर, गोपाल नगर, कुमरूम बस्ती और पारडीह इलाके में पार्क, तालाब, पाथ-वे और बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क विकसित करने पर सहमति बनी। जानकारी के अनुसार, जिन क्षेत्रों को पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा उनमें शामिल हैं चंद्रावती नगर और गोपाल नगर के पीछे का इलाका, कुमरूम बस्ती के पास का क्षेत्र, पारडीह के सामने स्थित स्थल। वन विभाग इन सभी जगहों को इको-फ्रेंडली तरीके से विकसित करेगा ताकि प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखते हुए लोगों को बेहतर पर्यटन और मनोरंजन सुविधाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें :सुप्रीम कोर्ट में बढ़ेंगे जजों के पद, राष्ट्रपति मुर्मु ने अध्यादेश को दी मंजूरी
मॉर्निंग वॉक और पिकनिक के लिए बनेगा आकर्षण
विधायक सरयू राय ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद ये स्थल आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे। यहां पर्यटन, पिकनिक, मॉर्निंग वॉक और खेलकूद जैसी गतिविधियों के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। उन्होंने कहा कि चंद्रावती नगर से कुमरूम बस्ती तक का इलाका प्राकृतिक रूप से बेहद खूबसूरत है और यहां पहले से कुछ बुनियादी संरचनाएं मौजूद हैं। ऐसे में इसे विकसित कर शहरवासियों को नया मनोरंजन स्थल दिया जा सकता है।
इंदिरा कॉलोनी की जल संरचना का भी होगा पुनर्विकास
निरीक्षण के दौरान पारडीह स्थित इंदिरा कॉलोनी के सामने मौजूद पुरानी जल संरचना का भी जायजा लिया गया। सरयू राय ने बताया कि यह संरचना जर्जर हो चुकी है और गाद से भर गई है। उन्होंने कहा कि पहाड़ से लगातार गिरने वाले पानी के कारण यहां तालाब विकसित करने की अच्छी संभावना है। स्थानीय लोग इस पानी का इस्तेमाल पीने और खाना बनाने में भी करते हैं।
वन महोत्सव में चलाया जाएगा पौधारोपण अभियान
DFO सबा आलम अंसारी ने प्रस्तावों को वन विभाग के नियमों के अनुरूप बताते हुए इन क्षेत्रों के विकास पर सहमति जताई है। सरयू राय ने कहा कि आगामी वन महोत्सव के दौरान लोगों से पहाड़ियों पर उपयोगी पौधे लगाने की अपील की जाएगी। साथ ही ट्रैकिंग में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए विशेष ट्रैकिंग ज़ोन विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है।
Reporter | Samachar Post