Samachar Post रिपोर्टर, रांची: ईशान किशन अब महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। रांची के नगड़ी अंचल स्थित दलादली में ईशान किशन के नए लग्जरी आशियाने का निर्माण शुरू होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट धोनी के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर विकसित किया जाएगा।
जी प्लस 10 बिल्डिंग को मिली मंजूरी
जानकारी के अनुसार, नगड़ी अंचल के मौजा दलादली स्थित खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या-515 की करीब 75 डिसमिल जमीन पर बहुमंजिला भवन बनाया जाएगा। रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (RRDA) ने रिंग रोड के किनारे स्थित इस जमीन पर जी प्लस 10 मंजिला भवन के नक्शे को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित भवन के शुरुआती दो तल्लों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होंगी। यहां कार्यालय और शो-रूम विकसित किए जाएंगे। वहीं बाकी आठ मंजिलों में आवासीय फ्लैट बनाए जाएंगे। बताया जा रहा है कि परियोजना में फिलहाल एक ब्लॉक का निर्माण प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें: मानगो में नए घर में शिफ्ट होने के चार दिन बाद चोरी, 10 लाख के जेवरात लेकर फरार हुए चोर
लग्जरी सुविधाओं से लैस होगी सोसाइटी
यह आवासीय परियोजना आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। सोसाइटी में प्लेग्राउंड, गेस्ट हाउस और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही परिसर में अधिक ओपन स्पेस रखने की योजना बनाई गई है, ताकि वातावरण आकर्षक और सुविधाजनक बनाया जा सके। ईशान किशन के इस नए प्रोजेक्ट को लेकर क्रिकेट प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।