Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। आदर्श नगर में किराये के नए घर में रहने पहुंचे परिवार के घर से चोर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।
डॉक्टर के पास गए, लौटे तो खुला मिला ताला
घटना आदर्श नगर निवासी अंचल रस्तोगी के घर की है। पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी के साथ डॉक्टर के पास गए थे। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो घर के बाहर लगा छोटा ताला खुला मिला। घर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि बैग से आलमारी की चाबी गायब थी और आलमारी खुली हुई थी।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में कोयला चोरी का बड़ा खेल! अधिकारियों की नाक के नीचे डंपरों से टनों कोयला गायब
आलमारी से गायब मिले लाखों के गहने
आलमारी की जांच करने पर परिवार के होश उड़ गए। उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवरात गायब थे। अंचल रस्तोगी ने बताया कि वे महज चार दिन पहले ही इस मकान में किराये पर रहने आए थे। नए घर में आने के कुछ ही दिनों बाद हुई इस चोरी ने परिवार को सदमे में डाल दिया है।
पुलिस कार्रवाई से नाराज दिखा परिवार
घटना की सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी गई, लेकिन पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं दिखा। इसके बाद मामले की जानकारी भाजपा नेता विकास सिंह को दी गई। सूचना मिलने पर विकास सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी से फोन पर बात कर जल्द मामले का खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।