Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद : धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात अपराधियों ने व्यवसायी सुरेंद्र अग्रवाल के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंक दिया। राहत की बात यह रही कि बम फटा नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र अग्रवाल का घर प्रेमसन्स होंडा सर्विस सेंटर के पास मुख्य सड़क किनारे स्थित है। देर रात अपराधी वहां पहुंचे और घर की ओर बम फेंककर मौके से फरार हो गए। घटना के समय घर में परिवार के सदस्य मौजूद थे।
बम नहीं फटा, टला बड़ा हादसा
परिवार के लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो घर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर बम विस्फोट हो जाता तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जिंदा बम को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए इलाके में आवाजाही भी प्रभावित रही।
यह भी पढ़ें: धनबाद में दर्दनाक हादसा : 30 फीट ऊंची दीवार गिरने से बोरवेल मजदूर की मौत
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर किस दिशा से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि व्यवसायी सुरेंद्र अग्रवाल का घर पहले भी अपराधियों के निशाने पर आ चुका है। वर्ष 2010 में उनके घर में डकैती की बड़ी वारदात हुई थी। अब दोबारा इसी घर को निशाना बनाए जाने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने क्या कहा
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। बम कहां से लाया गया, घटना के पीछे डराने की मंशा थी या कोई पुरानी रंजिश, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।