Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले से सरकारी योजना में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। जमुआ प्रखंड के तेलमकरी आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका रोशन आरा पर मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन के नाम पर महिलाओं से पैसे लेने का आरोप लगा है। आरोप है कि फॉर्म पर हस्ताक्षर करने के बदले प्रत्येक लाभुक महिला से 200 रुपये की मांग की जा रही थी। हालांकि, इस मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, गढ़वा में ग्रामीणों ने पकड़कर की पिटाई
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पूरे मामले का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पैसे लेने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के लिए योजनाएं चला रही है, लेकिन कुछ कर्मचारी इसका गलत फायदा उठा रहे हैं। आरोप है कि बिना पैसे दिए फॉर्म पर सिग्नेचर नहीं किए जा रहे थे, जिससे कई महिलाएं परेशान थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस वजह से लाभुक महिलाओं को योजना का लाभ लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जांच और कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने संबंधित सेविका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो और भी खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।