SIR कैंप में BDO पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, विनोद सिंह ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : गिरिडीह के सरिया प्रखंड के कुसमाडीह पंचायत भवन में चल रहे SIR कार्य के दौरान विवाद का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। सामने आए फुटेज में लाल शर्ट पहने एक अधिकारी एक युवक को अपने पास बुलाते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि फुटेज में नजर आ रहे अधिकारी सरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ललित नारायण तिवारी हैं। फुटेज सामने आने के बाद घटना को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है।

यह भी पढ़ें : पलामू में गैस सिलेंडर फटने से जीजा-साले की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

BDO को बंधक बनाने के दावे पर विनोद सिंह का पलटवार

घटना के बाद यह दावा किया गया था कि आक्रोशित ग्रामीणों ने BDO समेत पंचायत सचिवालय में मौजूद कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। अब बगोदर के पूर्व विधायक और माले नेता विनोद सिंह ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर इस दावे पर सवाल उठाया है। विनोद सिंह ने आरोप लगाया कि SIR कैंप के दौरान BDO ने BLO, मतदाताओं और महिलाओं से उत्तेजित होकर बातचीत की और गाली-गलौज की। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन में एक युवक के साथ मारपीट की घटना CCTV कैमरे में दर्ज हुई है।

ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग की

विनोद सिंह के मुताबिक, विवाद के बाद ग्रामीण पंचायत भवन से बाहर निकल गए और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। तनाव को देखते हुए पंचायत भवन में मौजूद कर्मचारियों ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। उनके अनुसार, बाद में वरीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई।

13 बूथों के SIR कैंप 25 किमी दूर शिफ्ट करने पर सवाल

विनोद सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के अगले दिन संबंधित 13 बूथों के SIR कैंप को पंचायत भवन से करीब 25 किलोमीटर दूर सरिया स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। माले नेता ने चुनाव आयोग से पूरे मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने, BDO के खिलाफ कार्रवाई करने और संबंधित बूथों के SIR कैंप को दोबारा पंचायत में ही संचालित करने की मांग की है।

CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई की मांग

विनोद सिंह ने कहा है कि मामले में सामने आए CCTV फुटेज की जांच कर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष पड़ताल की जानी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से अधिकारियों और ग्रामीणों, दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें