Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों और सख्त प्रशासनिक रुख के बीच टीम ने छापेमारी कर अवैध महुआ चुलाई शराब के 5 अड्डों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उत्पाद विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर और एसपी उत्पाद के नेतृत्व में की गई।
कई गांवों में चला छापेमारी अभियान
जानकारी के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र के चिल्गु के पास ग्राम खोखरौडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला में एक साथ छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से फरार होने में सफल रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर उन स्थानों की पहचान की जहां अवैध तरीके से महुआ शराब तैयार की जा रही थी और सभी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
यह भी पढ़ें: रांची में बाइक चोरी: सब्जी खरीदने गया युवक, कुछ ही मिनटों में गायब हो गई गाड़ी
भारी मात्रा में जावा महुआ और शराब बरामद
छापेमारी के दौरान लगभग 1000 किलो जावा महुआ और करीब 50 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। सभी जब्त सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि इसका दोबारा इस्तेमाल न हो सके। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
उत्पाद विभाग ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।