Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पहाड़ी मंदिर के पीछे बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें :बरियातू की बेटियों का बड़ा कमाल : सरकारी स्कूल से निकलकर Team India तक पहुंचीं 3 खिलाड़ी
बहस के बाद शुरू हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, पहाड़ी मंदिर के पीछे बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान राहुल तिवारी नामक युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई। चोट लगने से वह खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए।
घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती
स्थानीय लोगों की मदद से घायल राहुल तिवारी को तुरंत सेवा सदन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और विवाद की असली वजह जानने में जुटी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया कि बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और इलाके की स्थिति फिलहाल सामान्य है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post