Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के बरियातू स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय सह आवासीय बालिका हॉकी प्रशिक्षण केंद्र की तीन बेटियों ने झारखंड का नाम रोशन किया है। नीलम टोपनो, सुगन सांगा और खिली कुमारी का चयन भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी अब भोपाल में 15 से 20 मई तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली अंडर-18 टेस्ट सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। फिलहाल तीनों खिलाड़ी भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही हैं और मुकाबले की तैयारी में जुटी हैं।
सीमित संसाधनों से Team India तक का सफर
इन खिलाड़ियों की सफलता संघर्ष, अनुशासन और मेहनत की मिसाल बन गई है। प्रशिक्षण केंद्र की कोच करुणा पूर्ति ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद तीनों खिलाड़ियों ने कभी हार नहीं मानी। लगातार अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही प्रशिक्षण और अवसर देने की है। अगर खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिले तो यहां की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें: चतरा में दर्दनाक हादसा : निर्माणाधीन मंडप में मचान टूटा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
सरकारी स्कूल की छात्राओं ने बढ़ाया मान
विद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार ने इस उपलब्धि को सरकारी स्कूलों के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अब सरकारी स्कूलों की छात्राएं भी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। यह सफलता उन धारणाओं को भी तोड़ती है कि बड़े मंच तक पहुंचने के लिए केवल निजी संस्थानों की जरूरत होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।
निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंगडुंग की राह पर नई पीढ़ी
बरियातू का यह हॉकी प्रशिक्षण केंद्र पहले भी देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दे चुका है। भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान निक्की प्रधान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग भी इसी केंद्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची थीं। अब नीलम टोपनो, सुगन सांगा और खिली कुमारी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। यही वजह है कि बरियातू का यह प्रशिक्षण केंद्र झारखंड में महिला हॉकी की नई नर्सरी के रूप में पहचान बना चुका है।
सब जूनियर नेशनल में भी दिखाया था दम
तीनों खिलाड़ियों ने इसी साल आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था। उनके दमदार खेल की बदौलत झारखंड टीम लगातार तीसरी बार चैंपियन बनी थी। उसी प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजर इन खिलाड़ियों पर पड़ी थी। अब ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारतीय टीम में चयन ने उनकी मेहनत और प्रतिभा पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।
अब सीनियर Team India में जगह बनाने का सपना
तीनों खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच करुणा पूर्ति, विद्यालय परिवार, शिक्षकों और साथियों को दिया है। उनका कहना है कि लगातार मेहनत और सभी के सहयोग से ही वे इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं। अब उनका अगला लक्ष्य भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की जर्सी पहनकर देश के लिए खेलना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे का मान बढ़ाना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।