Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: रामगढ़ जिले के चर्चित रजरप्पा ज्वेलर्स डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मास्टरमाइंड सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी और दामाद को गिरफ्तार कर पुलिस ने जमीन में छिपाकर रखे गए लूट के जेवरात बरामद किए हैं। झारखंड पुलिस ने मुख्य आरोपी की पत्नी नाजमा खातुन (40) और दामाद शहनवाज हुसैन (24) को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर जमीन के भीतर गाड़कर रखे गए सोने और चांदी जैसे आभूषण बरामद किए गए।
21 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई थी डकैती
रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3:40 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित एनएच-23 पर मौजूद शिव शंकर ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद दुकान संचालक विष्णु प्रसाद के बयान पर रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी और व्यापारियों में भय का माहौल बन गया था।
यह भी पढ़ें: सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 3 संदिग्ध गिरफ्तार
SIT ने पहले ही 7 आरोपियों को भेजा था जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 अप्रैल को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस दौरान पुलिस ने करीब 180 लूटे गए सामान, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन बाइक, एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल कपड़े भी बरामद किए थे।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस को मिली नई सफलता
पुलिस लगातार बाकी आरोपियों और लूट के बचे सामान की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान 10 मई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी के परिवार तक पहुंची। पूछताछ में नाजमा खातुन और शहनवाज हुसैन ने जमीन में छिपाकर रखे गए जेवरात की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आभूषण बरामद कर लिए।
बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद
पुलिस ने बरामदगी में एक सोने जैसा हार, दो झुमके, बड़ी संख्या में चांदी जैसे कंगन, चूड़ियां और अंगूठियां बरामद की हैं। बरामद सामान में करीब 49 ग्राम सोने जैसी धातु और लगभग 1350 ग्राम चांदी जैसे आभूषण शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 134 पीस जेवरात पुलिस ने जब्त किए हैं। एसपी ने कहा कि डकैती कांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है और लूट के बाकी सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।