Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :चाईबासा में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। बारात से लौट रहे लोगों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। घटना मनोहरपुर थाना क्षेत्र के उंधन गांव के पास सुबह करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर स्कूल हत्याकांड का खुलासा: नाबालिग प्रेमी ने की थी किशोरी की हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
बारात से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बारंगा गांव से बाराती आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी संपन्न होने के बाद सभी लोग पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उंधन गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा पलटी। हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
कई लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय रोहन गोप और 25 वर्षीय दशरथ सरदार की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक शादी समारोह की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे में सूरज महतो, शिशुपाल मोदी, राहुल गोप, गोपी मोदी, सौरभ लोहार और सुरेश गोप घायल हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है।
ग्रामीणों ने बचाई कई जिंदगियां
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरे के बावजूद ग्रामीणों ने घायल लोगों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में चालक का नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post