Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा के राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में मिली नाबालिग किशोरी की लाश मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी की हत्या उसके नाबालिग प्रेमी ने ही की थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। रविवार सुबह स्कूल परिसर में किशोरी का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें :दनुआ घाटी फिर बनी हादसों का केंद्र, 6 गाड़ियों की जोरदार टक्कर से मचा हड़कंप
शादी को लेकर हुआ विवाद, गुस्से में ली जान
पुलिस के अनुसार, किशोरी शुक्रवार से लापता थी और अपने नाबालिग प्रेमी के साथ थी। शनिवार रात दोनों सोपोडेरा स्थित स्कूल परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। जांच में सामने आया कि किशोरी शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी अपनी कम उम्र का हवाला देकर इससे बचने की कोशिश कर रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर किशोरी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से 12 घंटे में खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच तेज कर दी। खोजी कुत्तों, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गोविंदपुर थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे रिमांड होम भेज दिया गया।
कठिन परिस्थितियों में बीत रहा था किशोरी का जीवन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतका बिरसानगर जोन नंबर-2 की रहने वाली थी। कोरोना काल के बाद से वह अपने परिवार से अलग रह रही थी और आसपास के घरों में काम कर अपना गुजारा करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात गोविंदपुर क्षेत्र के कुमफूटा निवासी नाबालिग युवक से हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम संबंध विकसित हो गया था।
दुष्कर्म की पुष्टि नहीं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम और शुरुआती जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post