Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में एक बार फिर कथित गौ तस्करी का मामला सामने आया है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार रात खुद मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की, जिसमें बड़ी संख्या में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन का दरवाजा खुलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई गायों को बेरहमी से बांधकर रखा गया था। बताया जा रहा है कि एक गाय की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि कई अन्य मवेशियों की हालत गंभीर थी।
यह भी पढ़ें :साहिबगंज में बारिश के बाद जलजमाव पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने फोरलेन सड़क किया जाम
लंबे समय से जारी तस्करी का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कपाली और आसपास के इलाकों में लंबे समय से गौ तस्करी का कारोबार चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले बढ़ते गए। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई की जाती, तो बेजुबान पशुओं की जान नहीं जाती।
पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घायल मवेशियों के इलाज की व्यवस्था भी कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्म है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किसके संरक्षण में इतने बड़े स्तर पर कथित गौ तस्करी का कारोबार संचालित हो रहा था।
Reporter | Samachar Post