Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज :झारखंड के साहिबगंज जिले में भारी बारिश के बाद जलजमाव की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उधवा चौक स्थित तालाबवाली मस्जिद के पास रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने उधवा-राजमहल फोरलेन सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि हर साल बारिश में इलाके की स्थिति बदतर हो जाती है, लेकिन जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था अब तक नहीं की गई।
यह भी पढ़ें :झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवा और बारिश से मिली राहत; 15 मई तक अलर्ट जारी
तेज बारिश से घरों और मस्जिद में घुसा पानी
शनिवार देर रात आंधी-तूफान और तेज बारिश के बाद पतौड़ा पंचायत के पहाड़गांव स्थित तालाबवाली मस्जिद और आसपास के इलाके में भारी जलजमाव हो गया। हालात इतने खराब हो गए कि दर्जनों घरों में बारिश का पानी घुस गया। कई परिवारों का घरेलू सामान खराब हो गया और लोगों को पूरी रात परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के मुताबिक मस्जिद परिसर में भी पानी भर जाने से फजर की नमाज अदा करने में काफी दिक्कत हुई। लगातार हो रही परेशानी से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।
ग्रामीणों ने किया उधवा-राजमहल फोरलेन जाम
जलनिकासी व्यवस्था से नाराज ग्रामीण रविवार सुबह सड़क पर उतर आए। रेजाउल शेख, बजहुल शेख, मनीरूल शेख, शमीम शेख और बरकत शेख समेत कई लोगों ने बांस-बल्ला लगाकर उधवा-राजमहल फोरलेन सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों और राहगीरों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। कई वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि सड़क जाम और प्रदर्शन शुरू होने के करीब दो घंटे बाद तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। न ही प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान को लेकर कोई पहल की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post