Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : चाईबासा के पश्चिमी सिंहभूम जिले में तीर से जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। झींकपानी थाना क्षेत्र में सब्जी बेचने बाजार जा रहे एक ग्रामीण पर आरोपी ने एक के बाद एक करीब 20 तीर चला दिए। इस हमले में तीन तीर पीड़ित के शरीर में धंस गए, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बाजार जाते समय किया गया हमला
जानकारी के अनुसार, बेटेया गांव निवासी 45 वर्षीय चोया बिरूली शनिवार को अपने गांव से सब्जियां लेकर जोड़ापोखर हाट जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरूली ने अचानक तीर चलाना शुरू कर दिया। आरोपी ने लगातार लगभग 20 तीर छोड़े, जिनमें से तीन तीर सीधे चोया बिरूली के शरीर में जा लगे।
यह भी पढ़ें: पलामू पुलिस का बड़ा अभियान, आर्म्स एक्ट मामलों के 10 साल पुराने रिकॉर्ड की होगी जांच
राहगीरों ने पहुंचाई अस्पताल
घटना के बाद घायल अवस्था में पड़े चोया बिरूली को देखकर राहगीरों ने तुरंत झींकपानी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम पीड़ित के शरीर में धंसे तीर निकालने में जुटी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामले को लेकर झींकपानी थाना के एएसआई केसी बाड़ा ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।