Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार के लखीसराय जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। कबैया थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित सूर्यनारायण घाट पर किऊल नदी पार करने के दौरान एक बच्चा तेज धारा में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, किऊल नदी किनारे इन दिनों यज्ञ का आयोजन चल रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी कार्यक्रम में शामिल होने एक परिवार भी आया था। नदी पार करने के दौरान बच्चा अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और लापता हो गया।
यह भी पढ़ें :गोड्डा में दूधकोल से बाघाकोल तक नई सड़क का उद्घाटन, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया लोकार्पण
SDRF और NDRF की टीम कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। राजस्व अधिकारी रौशन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बच्चे की तलाश के लिए गोताखोरों के साथ SDRF और NDRF की टीम को लगाया गया है। फिलहाल नदी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
बैरिकेडिंग के बावजूद नदी पार कर रहे थे लोग
प्रशासन ने बताया कि जमुई डैम से पानी छोड़े जाने के कारण किऊल नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और धारा काफी तेज है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को ही SDO प्रभाकर कुमार के निर्देश पर अंचलाधिकारी अजय राठौर और थाना प्रभारी ने यज्ञ स्थल के पास बैरिकेडिंग कर लोगों के नदी पार करने पर रोक लगाई थी। सके बावजूद श्रद्धालु लगातार नियमों की अनदेखी करते हुए जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे थे।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी के बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए पानी में जाने से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Reporter | Samachar Post