Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा: गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी प्रखंड में शनिवार को दूधकोल से बाघाकोल गांव तक बनी नई सड़क का उद्घाटन किया गया। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क का विधिवत लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत निर्मित इस सड़क का निर्माण 163.076 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। सड़क की कुल लंबाई 1.750 किलोमीटर बताई गई है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें:JPSC परीक्षा को लेकर रांची में सख्ती, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में लागू होंगे प्रतिबंध
गांवों के विकास में सड़कों की अहम भूमिका : मंत्री
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सड़कों का निर्माण गांवों के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था और जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। सरकार ग्रामीण इलाकों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अवधेश ठाकुर, प्रमुख नाजनी खातून, उपप्रमुख कुंदन जी, मिहिर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार मंडल और अंचलाधिकारी मदन महली समेत महागठबंधन के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।