Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। विभाग की टीम ने जिले के तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर करीब 1000 पेटी नकली शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया है। जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि रांची में बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर नगड़ी, रातू और धुर्वा थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 1000 पेटी अवैध शराब जब्त की, जिसमें लगभग 850 लीटर शराब भरी हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक नकली शराब को रांची से दूसरे जिलों में भेजने की तैयारी की जा रही थी।
यह भी पढ़ें :चतरा में पांचवीं की छात्रा की पिटाई का आरोप, प्रधानाध्यापक के खिलाफ शिकायत
एक तस्कर गिरफ्तार, कई नाम आए सामने
कार्रवाई के दौरान राहुल नायक नामक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में कई अन्य शराब कारोबारियों के नाम सामने आए हैं, जो नकली शराब बनाने और उसकी सप्लाई से जुड़े बताए जा रहे हैं। सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया कि समय रहते सूचना मिलने के कारण पूरी खेप को बाजार में पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया गया। उत्पाद विभाग ने मौके से एक कार और दो पिकअप वैन भी जब्त किए हैं। इन वाहनों का इस्तेमाल शराब की ढुलाई में किया जा रहा था।
बड़े ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही थी नकली शराब
बरामद शराब में कई नामी ब्रांड की नकली बोतलें मिली हैं। शराब को क्वार्टर, हाफ और फुल बोतलों में पैक किया गया था। बोतलों पर असली जैसे रैपर और स्टिकर लगाए गए थे, ताकि ग्राहकों को आसानी से भ्रमित किया जा सके।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
उत्पाद विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है। अधिकारियों ने कहा कि नकली शराब का कारोबार सिर्फ अवैध गतिविधि नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ भी है। ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Reporter | Samachar Post