Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोबिंदपुर-साहेबगंज हाइवे पर मिरगा गांव के पास एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बारात से लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नारोडीह गांव के चिरुडीह दरगाह टोला से ग्रामीण बोलेरो में सवार होकर चम्पापुर बारात गए थे। शुक्रवार रात करीब एक बजे बारात से लौटने के दौरान मिरगा गांव के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बोलेरो सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे लोग दब गए। हादसे में मिराज अंसारी (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। घटना में इरफान अंसारी, खलील अंसारी और इदू मियां गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, तीन राउंड गोलीबारी से इलाके में दहशत
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नारायणपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मिराज अंसारी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है।
परिवार में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि मिराज अंसारी बाहर रहकर पढ़ाई करता था और छुट्टियों में घर आया हुआ था। बकरीद के बाद उसे वापस पढ़ाई के लिए लौटना था, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।