Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर का इंतजार कर रहे 200 से ज्यादा लाभार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को ये सभी सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। लाभार्थियों का कहना है कि पूरी राशि जमा करने के बावजूद अब तक उन्हें घर की चाबी नहीं दी गई है। एक तरफ वे किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर बैंक लोन की किस्त भी चुकानी पड़ रही है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें :मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिवाला सेवा समिति की मुलाकात, शिव महापुराण कथा में आने का न्योता
निर्माण में देरी और प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल
सरयू राय ने बताया कि बिरसानगर में कुल 21 ब्लॉक बनने थे, लेकिन अब तक केवल दो ब्लॉक ही तैयार हो पाए हैं। आवंटन और बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जुडको द्वारा अब तक आवासों को जेएनएसी को हैंडओवर नहीं किया गया है, जिससे प्रक्रिया अटकी हुई है।
6 मई को खुद करेंगे गृहप्रवेश
लंबे इंतजार से नाराज लाभार्थियों ने 6 मई को शुभ मुहूर्त मानते हुए उसी दिन गृहप्रवेश करने का फैसला लिया है। सरयू राय ने भी उनका समर्थन करते हुए कहा कि यदि सरकार कोई पहल नहीं करती है, तो वे खुद पूजा-पाठ और अन्य व्यवस्थाएं कराएंगे।
निर्माण गुणवत्ता पर भी उठे सवाल
सरयू राय ने आरोप लगाया कि जिन मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, उनमें भी गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगह दीवारों में दरारें पड़ने की बात कही गई है, जिसे उन्होंने गंभीर मुद्दा बताया।
Reporter | Samachar Post