Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :झारखंड के चाईबासा जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंझारी थाना क्षेत्र के उलीडीह गांव में की गई इस छापेमारी में अवैध शराब निर्माण पर बड़ा प्रहार किया गया। यह कार्रवाई उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर की गई, जिसमें उत्पाद विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाया।
यह भी पढ़ें :गैस उपभोक्ताओं को झटका: कॉमर्शियल और 5 किलो सिलेंडर महंगे
अवैध भट्टी ध्वस्त, भारी मात्रा में बरामदगी
छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने वाली भट्टी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। टीम ने मौके से करीब 2000 किलो जावा महुआ नष्ट किया, जो शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा लगभग 90 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, साथ ही एक दुकान से करीब साढ़े 6 लीटर बियर भी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान टीम को शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इस अभियान से इलाके में चल रहे अवैध शराब कारोबार को बड़ा झटका लगा है और प्रशासन ने इसे सख्ती से रोकने का संकेत दिया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश जारी
इस मामले में उत्पाद विभाग ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। छापेमारी के दौरान चंद्रमोहन सवैया को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चार आरोपी श्याम सिंह मुंडा, बीरू मुंडा, रुई मुंडा और चंद्र मुंडा फरार हो गए। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
Reporter | Samachar Post