- दिल्ली में कॉमर्शियल LPG ₹3071.50 पहुंचा, छोटे सिलेंडर में ₹261 की बढ़ोतरी; खाने-पीने की चीजें महंगी होने के आसार
Samachar Post डेस्क, रांची: नई दिल्ली में 1 मई से गैस उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी में 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर ₹3071.50 हो गई है, जो पहले ₹2078.50 थी। यानी एक झटके में करीब ₹994 की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ेगा, जिससे आम लोगों के लिए खाने-पीने की चीजें महंगी हो सकती हैं।
5 किलो ‘छोटू सिलेंडर’ भी महंगा
5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी ₹261 की बढ़ोतरी हुई है। अब यह ₹813.50 में मिल रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत ₹552.50 थी। यह सिलेंडर खासतौर पर प्रवासी मजदूरों, छात्रों और छोटे दुकानदारों के बीच लोकप्रिय है क्योंकि इसे बिना एड्रेस प्रूफ के आसानी से खरीदा जा सकता है। हालांकि 5 किलो घरेलू सिलेंडर की कीमत ₹339 पर स्थिर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान, डायमंड हार्बर में EVM खराबी का दावा
ऑनलाइन गेमिंग पर नए नियम लागू
देश में ‘ऑनलाइन गेमिंग रूल्स 2026’ लागू कर दिए गए हैं। इसके तहत गेमिंग को तीन श्रेणियों मनी गेम्स, सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स में बांटा गया है। मनी गेम्स पर रोक रहेगी,अन्य गेम्स के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा, ‘ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ का गठन किया जाएगा, उम्र सीमा, पेरेंटल कंट्रोल और टाइम लिमिट जैसे फीचर्स जरूरी होंगे।
डीजल और ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में राहत
सरकार ने डीजल और हवाई ईंधन (ATF) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटा दी है—
- डीजल: ₹55.5 से घटाकर ₹23 प्रति लीटर
- ATF: ₹42 से घटाकर ₹33 प्रति लीटर
इससे निर्यात करने वाली कंपनियों को फायदा मिलेगा, हालांकि घरेलू पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
UAE का OPEC से अलग होना
संयुक्त अरब अमीरात के OPEC और OPEC+ से अलग होने की खबरों से वैश्विक तेल बाजार में हलचल है। इससे सप्लाई बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की संभावना जताई जा रही है, जिसका असर भविष्य में भारत जैसे देशों पर भी पड़ सकता है। कुल मिलाकर, गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।