Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :लौहनगरी जमशेदपुर में साइबर ठगी का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एयर एंबुलेंस की व्यवस्था के नाम पर 8 लाख रुपये ठग लिए गए। समय पर विमान नहीं मिलने के कारण गंभीर मरीज की मौत हो गई, जिससे परिवार सदमे में है। जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी आरएन चौहान के रिश्तेदार मोहन सिंह की हालत काफी गंभीर थी। वे टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत हैदराबाद रेफर करने की सलाह दी थी। ऐसे में परिजनों ने एयर एंबुलेंस का सहारा लेने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें :शादी समारोह में जा रही 13 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप, 4 आरोपी गिरफ्तार
इंटरनेट से मिला नंबर, ठगों ने खुद को बताया कंपनी प्रतिनिधि
एयर एंबुलेंस की तलाश में परिजनों ने इंटरनेट पर खोज की। सर्च के दौरान मिले एक नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने खुद को एक प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताया। बातचीत के बाद 8 लाख रुपये में डील तय हुई और मरीज की जान बचाने की जल्दी में परिजनों ने पूरी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने एयर एंबुलेंस भेजने के नाम पर बहाने बनाना शुरू कर दिया। कभी तकनीकी खराबी तो कभी क्लीयरेंस का हवाला देकर समय टालते रहे। परिजन लगातार संपर्क करते रहे, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
इलाज में देरी से मरीज की मौत
जब तक परिवार को ठगी का अहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। समय पर हैदराबाद शिफ्ट नहीं हो पाने और पर्याप्त इलाज न मिलने के कारण मोहन सिंह की मौत हो गई। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पीड़ित परिवार ने की न्याय की मांग
पीड़ित परिवार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
Reporter | Samachar Post