Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। 30 अप्रैल से 5 मई तक राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और बांग्लादेश के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर पूरे राज्य में देखने को मिलेगा। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है और मौसम सुहावना बना रहेगा।
यह भी पढ़ें :डीसी मेघा भारद्वाज ने सोनाजोड़ी वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण, बेहतर सुविधाओं के दिए निर्देश
30 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी
30 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है उनमें रांची, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो शामिल हैं।
बारिश से बदला मौसम, कई जिलों में गिरा पारा
राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। विभिन्न इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। बारिश के दौरान धनबाद और बोकारो में तेज आंधी चली, जहां हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। इससे पेड़ों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। बारिश के साथ ठनका गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि लोहरदगा जिले के भंडरा क्षेत्र में एक महिला की जान चली गई। इन घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है।
किसानों के लिए राहत, खेतों को होगा फायदा
विशेषज्ञों के अनुसार यह प्री-मानसून गतिविधि है, जिससे खेतों को काफी फायदा मिलेगा। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे इस समय खेतों की गहरी जुताई कर जमीन को खुला छोड़ दें, ताकि बारिश का पानी जमीन के अंदर जाकर भूजल स्तर को बढ़ा सके।
अलनीनो का असर, मानसून पर पड़ सकता है प्रभाव
जानकारों का मानना है कि इस बार अलनीनो का असर देखने को मिल सकता है, जिससे मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। ऐसे में अभी से जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन पर ध्यान देना जरूरी है।
मौसम विभाग की अपील: सतर्क रहें
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर न जाएं, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और बिजली के खंभों या तारों से दूरी बनाए रखें।
Reporter | Samachar Post