Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड के खेड़ा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान विवाद हिंसक हो गया। ग्रामीणों ने अंचल कर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें एक राजस्व कर्मचारी घायल हो गया, जबकि अन्य कर्मियों को मौके से भागकर जान बचानी पड़ी।
सीमांकन के दौरान भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, खेड़ा गांव निवासी शिव प्रसाद साहू के आवेदन पर अंचलाधिकारी के निर्देश के बाद चैनपुर अंचल के कर्मचारी जमीन का सीमांकन करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कर्मियों पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिंह पर एक महिला ने चप्पलों से वार किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। हालात बिगड़ने पर कर्मियों ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
यह भी पढ़ें: झारखंड के मौसम में बदलाव: 5 मई तक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट
थाने में दर्ज शिकायत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद के कारण सीमांकन का काम अधूरा रह गया और कर्मियों को वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद राजस्व कर्मियों ने संबंधित थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
कर्मियों में डर और सुरक्षा की मांग
इस घटना के बाद अंचल कर्मियों में आक्रोश और भय का माहौल है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं सरकारी कामकाज में बाधा बन रही हैं। कर्मियों ने प्रशासन से सीमांकन कार्य के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।