Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी: खूंटी जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बड़ा कदम उठाया है। उनके निर्देश पर अब जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में हर मंगलवार को लोक शिकायत निवारण कार्यक्रम यानी जन सुनवाई आयोजित की जाएगी। यदि किसी दिन अवकाश रहेगा, तो यह कार्यक्रम अगले कार्य दिवस पर किया जाएगा।
प्रखंड स्तर पर ही मिलेगा समाधान
नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर करना है। अब छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ज्यादातर मामलों का निपटारा प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी (CO) स्तर पर ही किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज और प्रभावी बनेगी।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में सनसनीखेज हत्या: फोन कर बुलाया, फिर युवक की बेरहमी से हत्या; मरने से पहले मोबाइल में बताए हमलावरों के नाम
अधिकारियों की मौजूदगी में सुनवाई
जन सुनवाई के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहेंगे। इससे जमीन विवाद, कानून-व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक मामलों का मौके पर ही समाधान किया जा सकेगा। साथ ही सभी शिकायतों और उनके निस्तारण की रिपोर्ट समय पर जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला स्तर पर भी जारी रहेगी व्यवस्था
प्रखंड स्तर के अलावा जिला स्तर पर भी जन सुनवाई जारी रहेगी। समाहरणालय, खूंटी में हर सोमवार और शुक्रवार को सुबह 11 बजे से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिन मामलों का समाधान प्रखंड स्तर पर नहीं होगा, वे सीधे उपायुक्त के समक्ष रखे जा सकेंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।