गिरिडीह में सनसनीखेज हत्या: फोन कर बुलाया, फिर युवक की बेरहमी से हत्या; मरने से पहले मोबाइल में बताए हमलावरों के नाम

Meenu | April 28, 2026 | 10:55 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पचम्बा थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित चदरा पुल के पास 24 वर्षीय तौफिक अंसारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के दोस्त के अनुसार, सोमवार देर रात तौफिक को उसके परिचित ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। जब वह अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने तौफिक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान उसके साथी किसी तरह जान बचाकर भाग निकले। परिजनों का दावा है कि गंभीर रूप से घायल तौफिक ने मरने से पहले हमलावरों के नाम बताए, जिसे मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया गया है। यह दावा अब मामले को और भी संवेदनशील बना रहा है।

यह भी पढ़ें :रांची में नौकरी के नाम पर ठगी: लड़कियों को बंधक बनाकर मारपीट, केस दर्ज

नाले में मिला मोबाइल, पुलिस ने किया जब्त

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास एक नाले से मृतक का मोबाइल फोन मिला है। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है और रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि तौफिक अंसारी किराये पर वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, उसकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी।

पुलिस का दावा- पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

वहीं पुलिस का कहना है कि तौफिक पहले से आपराधिक मामलों में वांटेड था और हाल ही में जेल से बाहर आया था। जिन लोगों पर हत्या का आरोप है, उनका भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें