कोडरमा स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, चलती ट्रेन में चढ़ते समय महिला की कटकर मौत

Rupa Kumari | April 25, 2026 | 12:40 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा: कोडरमा स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला की कटकर मौत हो गई। घटना धनबाद-गया रेलखंड पर हुई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय मुस्कान मसी के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बर्धमान की रहने वाली थीं। वह अपनी 15 वर्षीय भांजी और दुधमुंहे जुड़वां बच्चों के साथ नई दिल्ली जा रही थीं।

चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसला पैर

जानकारी के अनुसार, मुस्कान मसी सियालदह-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। आसनसोल से ट्रेन पकड़ने के बाद कोडरमा स्टेशन पर वह खाने-पीने का सामान लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गईं। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। घबराहट में उन्होंने दौड़कर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पायदान पर पैर रखते ही संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे गिर गईं।

यह भी पढ़ें: पलामू में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में युवक की मौत

एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

घटना देखते ही एक यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। महिला ट्रेन के पहियों के नीचे गंभीर रूप से फंसी हुई थीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जवानों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

जुड़वां बच्चे हुए अनाथ

हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। महिला के साथ सफर कर रही उनकी भांजी और दोनों जुड़वां बच्चों को आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया, जहां महिला जवानों की देखरेख में रखा गया। इस हृदयविदारक घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।

Share this news

संबंधित खबरें