रिम्स में एंबुलेंस सिस्टम पर सख्ती, बिना वैध लाइसेंस वालों पर होगी कार्रवाई

Rupa Kumari | April 23, 2026 | 02:46 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रिम्स परिसर में निजी एंबुलेंसों की अनियमितता को देखते हुए प्रबंधन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। अब परिसर में संचालित सभी एंबुलेंस का पूरा डेटा तैयार किया जाएगा और उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य अव्यवस्था खत्म कर मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

बिना वैध लाइसेंस एंबुलेंस पर कार्रवाई

रिम्स प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिन एंबुलेंस के पास वैध कमर्शियल लाइसेंस नहीं होगा, उनके खिलाफ संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी। नियमों के तहत कार्रवाई कर अवैध रूप से चल रही एंबुलेंस सेवाओं पर रोक लगाई जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि कुछ एंबुलेंस के जरिए अनैतिक गतिविधियों की आशंका सामने आई है, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: वनभूमि घोटाला: IAS विनय चौबे की जमानत पर सुनवाई पूरी, हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा

साइलेंस जोन में सायरन पर रोक

रिम्स परिसर को साइलेंस जोन घोषित किया गया है। ऐसे में सभी एंबुलेंस चालकों को निर्देश दिया गया है कि परिसर में प्रवेश के बाद सायरन का इस्तेमाल न करें, ताकि मरीजों और परिजनों को शोर से परेशानी न हो।

पार्किंग व्यवस्था भी होगी व्यवस्थित

परिसर में भीड़ कम करने के लिए पार्किंग व्यवस्था सुधारने की तैयारी चल रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। टेंडर पूरा होने के बाद अलग-अलग वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग तय की जाएगी, जिससे रिम्स परिसर में अव्यवस्था कम होगी और आवाजाही सुचारु हो सकेगी।

Share this news

संबंधित खबरें