Samachar Post रिपोर्टर, रांची: कांटाटोली इलाके में ऑनलाइन जुए की लत से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आरिफ के रूप में हुई है, जो पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था और हटिया स्थित एक कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह ऑनलाइन जुए में लाखों रुपये हार गया था, जिसके बाद तनाव में यह कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, आरिफ को लंबे समय से ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पत्नी उसे समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह नहीं माना। सोमवार को बताया जा रहा है कि उसने जुए में कंपनी का भी पैसा गंवा दिया, जिसके बाद वह काफी तनाव में आ गया।
मोबाइल में मिला ऑडियो सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलने पर लोअर बाजार थाना प्रभारी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक का मोबाइल मिला, जिसमें ऑडियो सुसाइड नोट रिकॉर्ड था। इसमें उसने कर्ज में डूबे होने और ऑनलाइन जुए में पैसे हारने की बात कही। उसने कहा कि कई लोगों का पैसा बकाया हो गया था और कर्ज नहीं चुका पाने के कारण वह यह कदम उठा रहा है।
यह भी पढ़ें: रांची में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की मौत, पुलिस ने मास्टरमाइंड विजय टेटे को दबोचा
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
बताया जा रहा है कि सोमवार को जुए में पैसे हारने के बाद आरिफ ने पत्नी से पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे नहीं होने की बात कही, जिसके बाद वह कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पत्नी और आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा, तो वह फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।