Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना में घायल जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका इलाज पारस अस्पताल में चल रहा था, जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। जानकारी के अनुसार, पंडरा ओपी क्षेत्र के ओटीसी मैदान के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार तीन अपराधियों ने भार्गव सिंह को गोली मार दी। घटना उस वक्त हुई जब वह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें :पंडरा में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को मारी गोली, हालत गंभीर
अस्पताल ले जाने के बाद तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए राकेश रंजन खुद मामले की निगरानी कर रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर इस मामले के मास्टरमाइंड विजय टेटे को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के समय वह शहर से भागने की कोशिश कर रहा था और उसकी पत्नी भी उसके साथ थी।
इलाके में दहशत, जांच जारी
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post