पंडरा में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को मारी गोली, हालत गंभीर

Rupa Kumari | April 21, 2026 | 12:59 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: पंडरा ओपी क्षेत्र के ओटीसी मैदान के पास मंगलवार सुबह जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। घायल कारोबारी मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे, तभी तीन हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर फरार हो गए। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए सिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि गोली उनके दाहिने सीने में लगी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जमीन विवाद की आशंका

सूत्रों के अनुसार, भार्गव सिंह ‘गोल्डन सिटी इंडिया’ नामक कंस्ट्रक्शन कंपनी संचालित करते हैं और हुरहुरी इलाके में नया प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी में थे। इसी दौरान जमीन को लेकर विजय हेंड्रिक टेटे से विवाद की बात सामने आई है। दोनों के बीच पहले भी कहासुनी होने की जानकारी मिल रही है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: रांची के खेलगांव में वेतन को लेकर बवाल, कपड़ा कंपनी में मजदूरों का प्रदर्शन

हर मंगलवार मंदिर जाते थे

स्थानीय लोगों के मुताबिक, भार्गव सिंह हर मंगलवार को बजरंगबली मंदिर में पूजा करने आते थे। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पहले उनकी रेकी की और फिर योजना बनाकर हमला किया। घटना के बाद पुलिस इलाके में छानबीन कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें