Samachar Post रिपोर्टर, रांची: खेलगांव इलाके में स्थित कपड़ा कंपनी ओरिएंट में वेतन भुगतान को लेकर मजदूरों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर सैलरी नहीं मिल रही, जिससे रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि वे नियमित रूप से काम पर आते हैं और अपनी ड्यूटी पूरी करते हैं, लेकिन वेतन भुगतान में लगातार देरी की जाती है। कई कर्मचारियों ने बताया कि उनका वेतन हफ्तों, कभी-कभी महीनों तक अटका रहता है।
घर चलाना हो रहा मुश्किल
मजदूरों के मुताबिक वे पूरी तरह अपनी सैलरी पर निर्भर हैं। वेतन में देरी के कारण किराया, बच्चों की पढ़ाई और राशन जैसी जरूरी जरूरतों को पूरा करना कठिन हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं होने से आर्थिक संकट गहरा रहा है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार बात रखने के बावजूद ठोस समाधान नहीं निकला और केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।
यह भी पढ़ें: 5 साल बाद झारखंड को मिला लोकायुक्त, जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने ली शपथ
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन भुगतान की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर काम ठप करने का भी फैसला लिया जा सकता है। कर्मचारियों ने स्थानीय प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।