Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू के नावाबाजार से पांडु प्रखंड के कजरु कला तक बनने वाली सड़क परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। नक्सल प्रभावित रहे इस इलाके में अब बुनियादी ढांचे के विकास की नई शुरुआत होने जा रही है। इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में पलामू सांसद विष्णुदयाल राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस सड़क की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा था।
यह भी पढ़ें :महिला अपराध पर सख्त संदेश: देर से शिकायत के बाद भी नहीं बचेंगे गुनहगार
103 करोड़ से बनेगी लंबी सड़क
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क और अवसंरचना कोष के तहत 23.615 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 103.608 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस सड़क के बनने से 25 से अधिक गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा। फिलहाल कजरु कला तक पहुंचने के लिए लोगों को 60 से 65 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जो अब घटकर करीब 40 से 45 किलोमीटर रह जाएगा।
आवागमन होगा आसान, बढ़ेगा विकास
सड़क निर्माण से न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि इलाके में व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी। इससे पूरे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह इलाका पहले नक्सल गतिविधियों के कारण रेड कॉरिडोर के रूप में जाना जाता था। अब सड़क निर्माण से कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
Reporter | Samachar Post