Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची में रांची महानगर कांग्रेस की नई कमेटी की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष कुमार राजा ने की, जिसमें सभी नए पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और जनता तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। कुमार राजा ने कहा कि पार्टी अब “सोशल ब्रिजिंग” को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देगी। उनका मानना है कि संगठन की पहुंच उन लोगों तक नहीं बन पा रही थी, जहां तक पहुंचना जरूरी था। उन्होंने कहा कि नई टीम इस कमी को दूर करेगी और हर वर्ग तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करेगी।
यह भी पढ़ें :JSSC में नेतृत्व का संकट: 6 साल से नियमित अध्यक्ष नहीं, सदस्य का पद भी खाली
सरकार को जनता के लिए सुलभ बनाने की पहल
कांग्रेस नेतृत्व ने साफ किया कि सरकार में होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है कि आम लोगों के लिए सिस्टम को आसान बनाया जाए। कुमार राजा ने कहा कि खासकर उन लोगों की आवाज बनने की जरूरत है, जो अपनी बात सरकार तक नहीं पहुंचा पाते। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन 24 घंटे जनता के लिए उपलब्ध रहेगा।
नगर निगम चुनाव में प्रदर्शन से बढ़ा आत्मविश्वास
बैठक में हालिया रांची नगर निगम चुनाव के प्रदर्शन का भी जिक्र हुआ। कुमार राजा ने बताया कि इस बार कांग्रेस को 1,43,306 वोट मिले और पार्टी बेहद कम अंतर से हार गई। उन्होंने इसे संगठन की मजबूती का संकेत बताया। नई कमेटी के गठन को लेकर उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों का चयन विचार-विमर्श के बाद किया गया है। अब लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है, ताकि आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
Reporter | Samachar Post