Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ की शुरुआत हुई। इस अवसर पर हेमंत सोरेन से गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा के डीजी एमएस भाटिया ने मुलाकात कर उन्हें बैज पहनाया और कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए फायर ब्रिगेड के जवानों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आग जैसी आपदाओं के दौरान ये जवान बिना अपनी जान की परवाह किए लोगों की सुरक्षा में जुट जाते हैं, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
यह भी पढ़ें :मच्छर अगरबत्ती से लगी आग, शादी की खुशियां पल में मातम में बदली
जागरूकता को बताया सबसे बड़ा बचाव
सीएम ने कहा कि इस सप्ताह का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने जोर दिया कि यदि लोग पहले से सावधानी बरतें, तो कई बड़े हादसों को टाला जा सकता है। साथ ही अधिकारियों को गांव से शहर तक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
संसाधन और प्रशिक्षण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अग्निशमन विभाग को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक उपकरण, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
समाज से सहयोग और सम्मान की अपील
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने अग्निशमन सेवा के जवानों के साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में ये जवान सबसे पहले लोगों की मदद के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में समाज को भी उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।
Reporter | Samachar Post