Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक कच्चे मकान में अचानक आग लगने से सब कुछ जलकर खाक हो गया। घटना के वक्त घर के लोग सो रहे थे, जिससे आग का पता देर से चल सका। परिजनों के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से आग भड़की। कंडी और बांस से बने कच्चे मकान में आग तेजी से फैल गई। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़ें :दुमका में सर्वे टीम को बनाया बंधक: कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज
तीन घंटे बाद पाया गया आग पर काबू
घटना के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और मोटर पंप से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगद 50 हजार रुपये, सगाई का सामान, कपड़े, अनाज और फर्नीचर सब कुछ जल गया। पूरा मकान भी राख में बदल गया। परिवार के मुखिया दिलीप पाठक ने बताया कि उनकी पांच बेटियां हैं। हादसे के वक्त वे और उनकी पत्नी घर पर नहीं थे। सुबह लौटने पर उन्होंने अपना घर पूरी तरह जला हुआ पाया। अब परिवार के पास सिर छुपाने के लिए भी जगह नहीं बची है।
शादी की तैयारी पर फिरा पानी
घर में एक नातिन की शादी की तैयारी चल रही थी और जल्द ही सगाई होने वाली थी। इसके लिए खरीदा गया सारा सामान आग में जल गया। जिस घर में खुशियों का माहौल था, वहां अब सिर्फ मायूसी रह गई है। पूरा घर जल जाने के बाद परिवार फिलहाल अपनी बेटी के घर में रह रहा है। गांव के लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं, लेकिन नुकसान इतना बड़ा है कि परिवार पूरी तरह टूट चुका है।
Reporter | Samachar Post