Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :झारखंड के धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र स्थित बरोरा बस्ती में अवैध कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि बस्ती के नीचे इनकलाइन में पिलर काटकर कोयला निकाला जा रहा है, जिससे जमीन कमजोर हो रही है और बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हालात टांडा बस्ती जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं। लगातार खनन से जमीन अंदर से खोखली हो रही है, जिससे सैकड़ों परिवारों पर खतरा मंडरा रहा है।
यह भी पढ़ें :बोकारो में ‘गालीबाज’ थानेदार पर कार्रवाई: वायरल ऑडियो के बाद लाइन हाजिर
BCCL पर गंभीर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने BCCL प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले भी कई बार शिकायत की गई थी और अवैध मुहानों को बंद करने की मांग उठाई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने कोलियरी का काम बंद करा दिया। उनका कहना है कि जब तक सभी अवैध मुहानों को बंद नहीं किया जाएगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, कार्रवाई का भरोसा
स्थिति बिगड़ते देख BCCL प्रबंधन मौके पर पहुंचा। कोलियरी मैनेजर ने निरीक्षण कर अवैध मुहानों को भरने और क्षेत्र को सुरक्षित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने फिलहाल आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन ग्रामीणों में डर बना हुआ है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा लापरवाही हुई तो वे फिर आंदोलन करेंगे। साथ ही प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में टांडा जैसी घटना दोबारा न हो।
Reporter | Samachar Post