Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज 13 अप्रैल को गढ़वा जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान वे सुदूरवर्ती और कभी नक्सल प्रभावित रहे बूढ़ा पहाड़ और टेहरी पंचायत के गांवों में पहुंचकर विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार, मंत्री स्वयं क्षेत्र में जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में सड़क हादसे के बाद बवाल: युवक की मौत पर फूटा गुस्सा, घंटों जाम रहा गिरिडीह-डुमरी मार्ग
समाहरणालय में होगी समीक्षा बैठक, दोपहर में मीडिया से करेंगे संवाद
निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंत्री पूर्वाह्न 11:30 बजे समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में बूढ़ा पहाड़ और टेहरी पंचायत के गांवों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। खास तौर पर बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी। बैठक में जिले के सभी वरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे और योजनाओं की प्रगति पर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। समीक्षा बैठक के बाद दोपहर 1 बजे मंत्री स्थानीय मीडिया से बातचीत करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सरकार की प्राथमिकताओं और आगे की योजनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास पर फोकस
बूढ़ा पहाड़ इलाका पहले नक्सल गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे में मंत्री का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार इस क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने और जमीनी फीडबैक लेने के उद्देश्य से इस दौरे को प्राथमिकता दे रही है।
Reporter | Samachar Post