Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :नगर थाना क्षेत्र के कोल्डीहा में हुए सड़क हादसे ने बड़ा रूप ले लिया। हादसे में घायल युवक मो. नियाज अंसारी की इलाज के दौरान मौत के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे।
यह भी पढ़ें :पलामू में दिल दहलाने वाली घटना: ममेरे भाई ने बहन की हत्या कर खुद भी ट्रेन से कटकर दी जान
मंत्री ने हर संभव मदद का दिया भरोसा
कई घंटों तक चले हंगामे के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। मंत्री के आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही बच्चों की पढ़ाई और परिवार की हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस को भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप
वार्ड पार्षद नूरुल होदा ने आरोप लगाया कि नगर थाना में आवेदन देने के दौरान एसआई विक्रम सिंह ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारी को निलंबित करने और जांच अधिकारी बदलने के निर्देश दिए।
रॉन्ग साइड से आई बाइक ने मारी टक्कर
मृतक के परिजनों के अनुसार, नियाज अंसारी सड़क की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने रॉन्ग साइड से आकर टक्कर मार दी। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। नियाज अंसारी अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अब भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
Reporter | Samachar Post