Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के लोकाय थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर कहुवाई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान सरिता देवी के रूप में हुई है। वह गावां प्रखंड के हड़हड़ा गांव निवासी प्रकाश राय की बेटी थी। वर्ष 2022 में उसकी शादी तिसरी प्रखंड के मानपुर कहुवाई गांव निवासी महेश राय के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात महिला ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
गर्भवती होने की आशंका, हत्या का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, सरिता देवी गर्भवती थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतका की मां ने दामाद महेश राय पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। सरिता देवी अपने पीछे करीब एक साल की बच्ची छोड़ गई है। मां की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
यह भी पढ़ें: ट्रेनों की लेटलतीफी पर टाटानगर में धरना, सरयू राय ने रेलवे को दी आंदोलन की चेतावनी
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
