Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ सोमवार को एक दिवसीय धरना दिया गया। यह प्रदर्शन जमशेदपुर पश्चिम से जदयू विधायक सरयू राय की पहल पर आयोजित किया गया, जिसमें मारवाड़ी समाज सहित कई सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए।
यात्रियों की परेशानी बनी मुद्दा
धरना के दौरान वक्ताओं ने कहा कि टाटानगर स्टेशन से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनें रोजाना देर से चल रही हैं। इससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में कुएं से मिला लापता महिला का शव, महुआ चुनने गई थी घर से
चक्रधरपुर मंडल पर उठे सवाल
सरयू राय ने कहा कि जैसे ही ट्रेनें चक्रधरपुर रेल मंडल में प्रवेश करती हैं, उनकी रफ्तार धीमी हो जाती है और वे लेट होने लगती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडल में संचालन और प्रबंधन में गंभीर खामियां हैं, जिन्हें तत्काल सुधारने की जरूरत है। विधायक ने रेलवे अधिकारियों से जल्द सुधार करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। धरने में शामिल संगठनों ने भी ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था ठीक करने की मांग की।
कई ट्रेनें घंटों लेट, छोटी दूरी की यात्रा भी मुश्किल
बताया गया कि आरा से दुर्ग जाने वाली साउथ बिहार एक्सप्रेस करीब 7 घंटे देरी से पहुंची। वहीं राजधानी और तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी 3 घंटे से अधिक देर से चलीं। कई यात्री ट्रेनें 3 से 10 घंटे तक लेट होने की बात सामने आई है। ट्रेनों की देरी के कारण छोटी दूरी की यात्रा भी चुनौती बन गई है। प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्रियों ने कहा कि समय पर ट्रेन नहीं चलने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।