Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शनिवार रात करीब 11 बजे सामग्री घाटी स्थित यादव होटल के पास बारातियों से भरी गाड़ी अचानक पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें :झारखंड में सड़क हादसों का कहर: पलामू और चतरा में दो की मौत
चालक की मौके पर मौत
इस हादसे में वाहन चला रहे 25 वर्षीय रजा खान की मौके पर ही मौत हो गई। वे बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के हेमजापुर गांव के निवासी थे। वहीं गाड़ी में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और होटल कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मिलकर गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा एक अज्ञात वाहन को बचाने के दौरान हुआ। पुलिस अब उस वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। जैसे ही रजा खान की मौत की खबर उनके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया।
Reporter | Samachar Post