झारखंड बार काउंसिल चुनाव: मतगणना जारी, गड़बड़ी के आरोपों पर प्रशासन का जवाब

Rupa Kumari | April 4, 2026 | 10:47 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पंचवर्षीय चुनाव की मतगणना लगातार जारी है। 20 मार्च से शुरू हुई गिनती में 3 अप्रैल तक अधिकांश जिला बार संघों के प्रथम वरीयता (फर्स्ट प्रेफरेंस) वोटों की गणना पूरी कर ली गई है। अब इन वोटों की जांच की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें करीब दो दिन का समय लग सकता है। इसके बाद द्वितीय वरीयता वोटों की गिनती शुरू होगी।

गड़बड़ी के आरोप खारिज

चुनाव के दौरान कुछ प्रत्याशियों द्वारा गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे। लेकिन चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ये शिकायतें निराधार हैं और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश थीं।

यह भी पढ़ें: रांची में आज बिजली कटौती: कोकर-ओरमांझी समेत कई इलाकों में घंटों सप्लाई रहेगी बंद

जांच में नहीं मिली कोई अनियमितता

आरोपों की जांच सहायक रिटर्निंग ऑफिसर व सेवानिवृत्त जिला जज शिवनारायण सिंह को सौंपी गई थी। जांच के दौरान मतदान केंद्र के रजिस्टर, कुल वोट और बैलेट पेपर वितरण के समय किए गए हस्ताक्षरों का मिलान किया गया। इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई।

प्रत्याशियों के आरोप बेबुनियाद

अजय कुमार समेत कुछ प्रत्याशियों ने आरोप लगाए थे। अजय कुमार ने दावा किया था कि उन्हें एक भी वोट नहीं मिला, जबकि उनके भतीजे ने उन्हें वोट दिया था। लेकिन जांच के दौरान वे भतीजे का नाम या कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद उनका दावा खारिज कर दिया गया।

आगे की प्रक्रिया

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चल रही है। अब वोटों की जांच पूरी होने के बाद सेकेंड प्रेफरेंस वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। इसके बाद ही अंतिम परिणाम घोषित होंगे।

Share this news

संबंधित खबरें