Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ में हनुमान जयंती के अवसर पर पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण भक्तिमय हो गया।
बिरसा चौक से निकली भव्य शोभायात्रा
शहर के बिरसा चौक स्थित पवन पुत्र हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा मुख्य सड़क, अंबेडकर चौक, हिरण चौक और गांधी चौक होते हुए तातीपारा तक पहुंची और फिर वापस मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती भी पूरे मार्ग में की गई थी। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। मंदिर समिति के सदस्य पंकज शाह के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे विधि-विधान के साथ आयोजन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: IPL मैच में मोबाइल चोरी करने वाला ‘साहिबगंज गैंग’ बेनकाब, नाबालिगों से करवाई जाती थी चोरी
बच्चों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष कार्यक्रम
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं: बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, भजन-कीर्तन का आयोजन, शाम को प्रसाद वितरण पूरे दिन श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
अन्य मंदिरों में भी धार्मिक आयोजन
शहर के रेलवे स्टेशन स्थित संकट मोचन महावीर मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। वहीं दूधनाथ मंदिर में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति द्वारा अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
पूरे जिले में दिखा उत्साह
पाकुड़ जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित हनुमान मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोग सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे थे। हनुमान जयंती को लेकर शहर के बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। श्रद्धालु फल, फूल और प्रसाद की खरीदारी करते नजर आए, जिससे दुकानों पर दिनभर भीड़ बनी रही।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।